डोईवाला महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : RISHIKESH
डोईवाला। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान के बाद रविवार तड़के चार बजे तक मतदान केंद्रों से पोलिंग पार्टियां पहुंचकर मतपेटियों को जमा कराती रहीं। सभी 405 मतपेटियां जमा होने के बाद स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया।
विकासखंड डोईवाला में पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को मतदान कराया गया था। ग्राम प्रधान की 35, बीडीसी की 40, जिला पंचायत की पांच और ग्राम पंचायत की सीटों के लिए मतदान हुआ। शनिवार को देर शाम तक मतदान होने के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी होने लगी थी और शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मत पेटियां जमा कराना शुरू कर दिया था। मतपेटियों जमा कराने का काम रविवार तड़के चार बजे तक चलता रहा। सबसे अंत में श्यामपुर न्याय पंचायत के हरिपुर कलां ग्राम पंचायतों की मतपेटियां लेकर पोलिंग पार्टियां पहुंची।
चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. इकबाल अहमद, एडीएम बीर सिंह बुदियाल, एसडीएम डोईवाला लक्ष्मीराज चौहान, निर्वाचन अधिकारी यशवंत चौधरी आदि की देखरेख में डोईवाला महाविद्यालय में सभी मतपेटियां सुरक्षित रखने के बाद सील कर दिया गया। डोईवाला के प्रभारी खंड विकास अधिकारी बीएस नेगी ने बताया कि स्ट्रांग रूम के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।