भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एयरपोर्ट पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान मांगलिक गीत भी गूंजे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित सैकड़ों लोगों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया।
एयर इंडिया की उड़ान से शाम करीब साढ़े चार बजे पहुंचे नितिन नवीन के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष के अलावा राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, बृजभूषण गैरोला के अलावा कुल 23 नेताओं द्वारा एयरपोर्ट के अंदर उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। जबकि एयरपोर्ट टर्मिनल से बाहर आने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल दमाऊ, रणसिंघा आदि से उनका स्वागत किया।
महिलाओं ने पीले वस्त्र और पारंपरिक नथ पहनकर लाइनों में खड़े होकर उत्तराखंड का पारंपरिक मांगलिक गीत गाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला और महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नवीन उत्तराखंड आए हैं। उनके आने से सभी भाजपाइयों में हर्ष का माहौल है।
नितिन नवीन का एयरपोर्ट के अलावा एयरपोर्ट के बाहर टी प्वाइंट, हिमालयन हॉस्पिटल चौक, भानियावाला तिराहा, कुआंवाला, मॉल ऑफ देहरादून, आईआईपी गेट के पास कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राजेंद्र तडियाल, संपूर्ण सिंह रावत, विनय कंडवाल, अनिता गुरंग, संतोषी नैथानी, ऊषा कोठारी, रीना चौहान, ईश्वर रौथाण आदि उपस्थित रहे।