बीती देर रात एक सिरफिरे ने कैंची से हमला कर एक युवक को घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानलेवा हमले के आरोप में सिरफिरे को गिरफ्तार कर लिया है। धोबीघाट, चंद्रेश्वरनगर में साइकिल सवार का खेल चल रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात आसपास के लोग साइकिल सवार के करतब देखने उमड़े हुए थे। इसी बीच एक व्यक्ति बेवजह एक युवक से उलझ गया। जब तक मौके पर मौजूद लोग मामला शांत कराते, गाली गलौज कर रहे व्यक्ति ने युवक पर कैंची से हमला कर दिया।
घटना से वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस आरोपी को पकड़ कर कोतवाली ले आई और घायल रमेश महतो निवासी चंद्रेश्वरनगर को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी की पहचान गौतम पुत्र ज्ञानचंद निवासी चंद्रेश्वरनगर के रूप में कराई। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाली में किया हंगामा
बताया जा रहा है युवक पर जानलेवा हमले के आरोपी ने बीती रात कोतवाली में जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से बदसलूकी की। उसे काबू करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने बताया कि हमलावर सिरफिरा है। उसे कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।