परिवहन विभाग की ओर से ऋषिकेश क्षेत्र में तीन जुगाड़ वाहन सीज किए गए। कार्रवाई के बाद जुगाड़ वाहन चालकों में खलबली मच गई है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जुगाड़ वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
अमर उजाला में 23 फरवरी के अंक में जुगाड़ वाहनों से ढोया जा रहा सामान शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम हरकत में आई। इस दौरान नेपालीफार्म, आईडीपीएल और ऋषिकेश के आसपास से कुल तीन जुगाड़ वाहन पकड़े गए।
इन वाहनों को एआरटीओ कार्यालय में लाकर सीज किया गया। शहर में आईएसबीटी रोड, लोहा मंडी और बाजार से जुगाड़ वाहनों से सामान स्वर्गाश्रम, लक्ष्णणझूला, आईडीपीएल, श्यामपुर क्षेत्र में ढाेया जा रहा है। इससे ई-कार्ट और लोडर संचालकों को काम नहीं मिल पा रहा है।
एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने कहा कि जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यातायात पुलिस ने भी जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार से जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी।