- मायाकुंड में अवैध पार्किंग का खेल, सड़क पर कुर्सी लगाकर की जा रही वसूली
- वायरल वीडियो ने खोली पार्किंग व्यवस्था की पोल, स्थानीय लोगों ने निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल
- पार्किंग भरने के बाद भी आसपास की आंतरिक सड़कों पर वाहन खड़े कराने का आरोप
ऋषिकेश। मायाकुंड स्थित एक खाली प्लॉट में संचालित हो रही पार्किंग का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो नगर निगम की पार्किंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक नशे की हालत में सड़क के बीच कुर्सी लगाकर वाहनों को पार्किंग की ओर भेजता और पर्यटकों से पार्किंग शुल्क वसूलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्किंग भर जाने के बाद भी आसपास की आंतरिक सड़कों पर वाहन खड़े कराकर शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्किंग की अव्यवस्था को लेकर नगर निगम से कई बार शिकायत की जा चुकी है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्रवाई के बजाय नोटिस जारी किए जाने का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं। लोगों का कहना है कि शाम होते ही पार्किंग से जुड़े कर्मचारी चौराहे पर खड़े होकर पर्यटकों के वाहनों को रोकते हैं और उन्हें पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए दबाव डालते हैं।
चौराहे पर लगता है जाम, विवाद की स्थिति
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहनों को रोकने और पार्किंग की ओर मोड़ने के दौरान कई बार चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है। वाहन चालकों और पार्किंग कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होने की बात सामने आ रही है। पार्किंग के लिए प्रति वाहन 200 रुपये प्रति घंटे तक शुल्क लिए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
ई-ऑटो और विक्रम का जमावड़ा बढ़ा रहा परेशानी
मायाकुंड में केवल पार्किंग ही नहीं, बल्कि घाट की सीढ़ियों के बाहर खड़े रहने वाले ई-ऑटो और विक्रम भी यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं। सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े रहने से मार्ग संकरा हो जाता है। शाम के समय पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने पर स्थिति और बिगड़ जाती है। वाहनों की लंबी कतार लगने से क्षेत्र में जाम की समस्या पैदा हो रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से पार्किंग व्यवस्था की जांच कराने, निर्धारित शुल्क और पार्किंग क्षेत्र की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
कोट:
मायाकुंड में पार्किंग की शिकायत पहले भी आ चुकी है। संबंधित व्यक्ति को नोटिस भेजकर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
शंभू पासवान, मेयर, ऋषिकेश
-