मरीज को जौलीग्रांट अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस को छिद्दरवाला चौक के पास एक कार ने टक्कर मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मरीज और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही की दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10.50 पर हरिद्वार की ओर से एक एंबुलेंस मरीज को लेकर जौलीग्रांट अस्पताल जा रही थी। इस दौरान छिद्दरवाला चौक से देहरादून की ओर आ रही एक कार से एंबुलेंस से टक्कर हो गई। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक तुषार और फार्मासिस्ट को हल्की चोटें आई। वहीं कार चालक विकास पुत्र ज्ञान सिंह निवासी ग्राम आदर्श टिहरी नगर पोस्ट अम्बूवाला, पथरी, जिला हरिद्वार भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 इमरजेंसी एंबुलेंस से मरीज और घायल चालक और फार्मासिस्ट को जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचाया। घायल कार चालक को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश भिजवाया गया। कार सवार दो अन्य दो लोग आकाश और जयबीर को हल्की फुल्की चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक की लापरवाही के चलते कार अनियंत्रित होकर एंबुलेंस से टकराई थी।