जौलीग्रांट। विमानन कंपनी एलाइंस एअर पड़ोसी राज्य कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) के लिए आगामी तीन नवंबर से एक बार फिर से अपनी सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। इससे कुल्लू से देहरादून और देहरादून से कुल्लू जाने वाले पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों और अन्य लोगों को लाभ मिलेगा। एलाइंस एअर का 48 सीटर विमान सप्ताह में दो दिन मंगलवार और बृहस्पतिवार को देहरादून और कुल्लू के बीच उड़ान भरेगा। देहरादून एयरपोर्ट पर 25 अक्तूबर से विंटर शेड्यूल लागू हो गया है। विंटर शेड्यूल लागू होने के पहले दिन रविवार को सभी उड़ानें ने बदले हुए समयानुसार आवाजाही की। विंटर शेड्यूल में करीब 19 उड़ानों को मंजूरी मिली है। जिसमें कुल्लू वाली उड़ान भी शामिल है। कुल्लू वाली उड़ान को आगामी 27 मार्च तक के लिए मंजूरी मिली है। तीन अक्तूबर को एलाइंस एअर का विमान सुबह 9:30 बजे देहरादून से उड़ान भरकर करीब एक घंटे बाद 10:30 बजे कुल्लू एयरपोर्ट पहुंचेगा। कंपनी ने तीन अक्तूबर को देहरादून से कुल्लू का प्रति व्यक्ति किराया 2,835 रूपये रखा है। इससे पहले एलाइंस एअर ने 18 जून 2024 से देहरादून से कुल्लू के लिए अपनी उड़ानें संचालित की थी। काफी समय तक इस हवाई रूट पर उड़ानें संचालित करने के बाद कंपनी ने करीब छह माह पहले इस रूट पर अपनी उड़ानें बंद कर दी थी। अब एक बार फिर से देहरादून से कुल्लू के बीच हवाई सेवा शुरू होने जा रही है।
-
दोनों राज्यों के पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को मिलेगा लाभ
जौलीग्रांट। कुल्लू जिला अपनी प्राकृतिक और खूबसूरत घाटियों और प्राचीन धार्मिक स्थलों के लिए विख्यात है। इसे देवताओं की घाटी भी कहा जाता है। वहीं देहरादून में भी कई प्रसिद्ध स्थल और शिक्षण संस्थान हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड में चारधाम और विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मौजूद हैं। देहरादून-कुल्लू के बीच उड़ान शुरू होने से दोनों तरफ से पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को लाभ मिलेगा।
कोट-
नए विंटर शेड्यूल में करीब 19 उड़ानों को मंजूरी मिली है। जिसमें कुल्लू की उड़ान भी शामिल है। इससे दोनों तरफ के पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और अन्य हवाई पैसेंजरों को लाभ मिलेगा।
- भूपेश सीएच नेगी, एयरपोर्ट निदेशक