ऋषिकेश। गंगानगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में सरकारी पेयजल लाइन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत स्थानीय पार्षदों ने एसडीएम से की है। पार्षदों व स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्थानीय व्यक्ति ने सरकारी पेयजल लाइन को अपने खाली प्लॉट की बाउंड्री के भीतर कर लिया है, जिससे विकास कार्य और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में 20 सितंबर 2025 को भी प्रशासन को शिकायत दी गई थी, जिस पर क्षेत्र के 35 स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर भी थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अतिक्रमण के कारण पेयजल लाइन की मरम्मत, नाली निर्माण और सड़क निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है।
पार्षद संध्या बिष्ट और सुनीता भारद्वाज ने कहा कि बरसात के दौरान दोनों ओर की नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। साथ ही, पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर लाइन की जांच भी संभव नहीं हो पाती, क्योंकि पाइपलाइन कथित रूप से निजी बाउंड्री के अंदर चली गई है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सोमेश्वर मंदिर रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य से पहले विवादित स्थल का निरीक्षण कराया जाए, अतिक्रमण हटाकर नाली का निर्माण सरकारी अभिलेखों में दर्ज सड़क की चौड़ाई के अनुसार कराया जाए।