संवाद न्यूज एजेंसी
जौलीग्रांट। अपनी विभिन्न मांगों के लिए पिछले 49 दिनों से धरने पर बैठे एयरपोर्ट प्रभावितों ने धरना स्थल से लेकर श्रीदेव सुमन चौक जौलीग्रांट तक रैली निकाली। जिसमें दर्जनों एयरपोर्ट प्रभावित और दूसरे लोग शामिल हुए। रैली में एयरपोर्ट प्रभावितों के साथ ही कांग्रेस नेता भी शामिल हुए।
एयरपोर्ट प्रभावित विपुल सजवाण ने कहा कि प्रभावित लोग और महिलाएं कड़ाके की ठंड में भी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों को धरने पर बैठे हुए करीब 49 दिन हो चुके हैं लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसलिए चेतावनी देने के लिए प्रभावितों ने धरना स्थल से लेकर जौलीग्रांट चौक तक रैली निकाली है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि एयरपोर्ट प्रभावित से विकास के लिए जमीनें ली जा रही हैं लेकिन उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। सरकार को प्रभावितों को हटाने से पहले उनकी मांगें माननी चाहिए। कहा कि कांग्रेस प्रभावितों के साथ उनकी मांगें मानने तक संघर्ष करेगी। इस अवसर पर करतार नेगी, रविंद्र सजवाण, हुकम सिंह, तीरा देवी, ममता देवी, शोभा देवी आदि मौजूद रहे।