- लंगूर के हमले में 11 वर्षीय शिवांशु की हुई थी मौत, तीन दिन के अभियान के बाद वन विभाग और लैंसडौन की विशेषज्ञ टीम ने किया ट्रेंकुलाइज
- चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेजा
यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर के ठांगर गांव से खूंखार लंगूर को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे लंगूर को ठांगर गांव में ही ट्रेंकुलाइज कर बेहोशी की हालत में पकड़ा गया।
बीते 9 अक्तूबर को इसी लंगूर के हमले में गांव का 11 वर्षीय मासूम शिवांशु गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसकी सोमवार को एम्स में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। मासूम की मौत के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल था। साथ ही ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश भी बना हुआ था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हरकत में आए वन विभाग ने लैंसडौन से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया था। तीन दिनों से लगातार प्रयास के बाद बुधवार को वन विभाग की टीम और लैंसडौन से आई विशेषज्ञ टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर लंगूर को ट्रेंकुलाइजर गन से निशाना लगाकर बेहोश किया और उसे सुरक्षित पकड़ लिया।
-ट्रेंकुलाइज के बाद बुधवार दोपहर पकड़े गए लंगूर को रेस्क्यू सेंटर चिड़ियापुर ले जाया गया है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। - अनुराग जोशी, वन क्षेत्राधिकारी, लालढांग रेंज।