तीर्थनगरी में सरेराह गोली लूटकांड ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। एक बाइक पर असलहे से लैस तीन बदमाश नटराज चौक स्थित पुलिस पिकेट के सामने से गुजरे, लेकिन यहां चेकिंग नहीं हुई। जिस चौराहे पर वारदात को अंजाम दिया, वहां एक अदद होमगार्ड तक नहीं है। यह हाल तब है, जब चौराहा अक्सर जाम से तंग रहता है। हैरत की बात यह कि शहर में नाकेबंदी के बाद भी बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। बुधवार को व्यस्ततम चौराहा पर हुई सनसनीखेज घटना तो फिलहाल यही बात बयां कर रही है। सूत्रों के मुताबिक बाइक सवार बदमाश नटराज चौक से होकर दून मार्ग पर नीचे की ओर आए। नटराज चौक पर पुलिस पीकेट है, लेकिन यहां ट्रीपल राइडिंग पर कार्रवाई नहीं हुई। नटराज चौक पर लगे सीसीटी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद एक बाइक पर तीन युवक नजर आए। हालांकि कैमरे की गुणवत्ता कमी के चलते उनके चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं।
नटराज चौक के बाद दून मार्ग पर पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था तो दूर पॉश कालोनी आशुतोषनगर और संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा, नटराज चौक और दून मार्ग को जोड़ने वाले चौराहे पर एक पुलिस कर्मी की तैनाती तक नहीं है। चौराहा तंग होने से अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है।
व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
सनसनीखेज घटना से आक्रोशित व्यापारी कोतवाली में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते से मिले और तीर्थनगरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। बताया कि जब देश में आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी है तो तीर्थनगरी में बाहर से आने वाले संदिग्धों को चेक क्यों नहीं किया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। शहर में बाहर से आकर बसे फड़वाले, ठेलीवाले, कबाड़ियों का सत्यापन भी ठंडे बस्ते में है। व्यापारियों ने चेताया कि जल्द घटना का खुलासा नहीं किया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। मौके पर गोविंद अग्रवाल, श्रवण कुमार जैन, जयदत्त शर्मा, यशपाल पंवार, सुभाष कोहली, मदन मोहन शर्मा, ललित मिश्र, अरविंद जैन, कपिल गुप्ता आदि मौजूद थे।
श्यामपुर चौकी में तीसरी आंख नहीं
राष्ट्रीय राजमार्ग 58 और श्यामपुर बाईपास मार्ग के बीचो बीच श्यामपुर चौकी में सीसीटीवी कैमरा नहीं है, जबकि संदिग्धों की निगरानी की दृष्टि से चौकी महत्वपूर्ण है। पुलिस कप्तान ने इस बाबत कोतवाली निरीक्षक विजयचंद्र सिंह गोसाईं से जवाब तलब किया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि एक पेट्रोल पंप संचालक के सहयोग से चौकी के सामने सीसीटी कैमरा जल्द लगाया जाएगा।