रायवाला। पेंशन फार्म पर ग्राम प्रधान की जगह उप प्रधान के हस्ताक्षर और मुहर का प्रयोग करने के मामले में सहायक समाज कल्याण ब्लॉक अधिकारी की लापरवाही उजागर हुई है। ग्राम पंचायत रायवाला की निर्वतमान ग्राम प्रधान राखी गिरि की ओर से बीते माह जिला समाज कल्याण अधिकारी को शिकायती पत्र दिया गया था।
शिकायत में कहा गया कि पेंशन फार्मों पर ग्राम प्रधान की मोहर वाले कॉलम में हूबहू नकली मुहर का प्रयोग किया जा रहा है। मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी जीत सिंह रावत ने जांच की। जांच में पाया कि ग्राम प्रधान के कालम में उप प्रधान की मुहर लगी हुई है। मामले में सहायक समाज कल्याण ब्लॉक अधिकारी की लापरवाही की भी पुष्टि हुई। जांच अधिकारी ने बताया कि बीते माह जून से अगस्त तक उप प्रधान की ओर से कुल 14 आवेदनों को प्रस्तुत किया गया। जांच में कुल आठ आवेदन पत्रों पर ग्राम प्रधान के कॉलम में उप प्रधान कैलाश भट्ट के हस्ताक्षर और मुहर का प्रयोग पाया गया। जांच अधिकारी ने मामले में ब्लॉक के सहायक समाज कल्याण अधिकारी को दोषी मानते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-----
जांच में पेंशन फार्मों पर ग्राम प्रधान के कॉलम में उप प्रधान की मुहर और हस्ताक्षर पाए गए हैं। फार्मों की गहन जांच का जिम्मा एडीओ समाज कल्याण का होता है। संबंधित मामले में एडीओ समाज कल्याण की लापरवाही उजागर हुई है। सभी गलत भरे गए फार्म निरस्त कर दिए गए हैं। निरस्त हुए फार्मों को आवेदक दोबारा भर सकते हैं। - जीत सिंह रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी
----
मैंने शुरुआत में एक फार्म पर मुहर और हस्ताक्षर किए थे। जानकारी के अभाव में ऐसा हुआ। सहायक समाज कल्याण अधिकारी को फार्म की गहन जांच कर गलती पर टोकना चाहिए था। लिहाजा, मैं बाकी फार्मों पर भी गलत कॉलम में हस्ताक्षर और मुहर लगाता गया। - कैलाश भट्ट, उप प्रधान, ग्राम पंचायत रायवाला
----
पेंशन फार्मों पर मुहर इस तरह लगाई गई थी कि गलती पकड़ में नहीं आई। इसके चलते फार्म अग्रसारित हो गए। मेरी ओर से जांच अधिकारी को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है। -महेश प्रताप, एडीओ, समाज कल्याण डोईवाला