लाजपत राय मार्ग एवं मुखर्जी मार्ग क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी और अतिक्रमण का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कड़ा रुख अपनाते हुए, नगर निगम ऋषिकेश ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को निगम की टीम ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की।
नगर निगम की टीम ने लाजपत राय मार्ग एवं मुखर्जी मार्ग क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी और अतिक्रमण का निरीक्षण किया। सफाई निरीक्षक अमित नेगी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कुल 8200 रुपये की धनराशि अधिरोपित की गई।
नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापारियों को जागरूक करना है। भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।