एम्स के आपातकालीन विभाग में सिजेरियन प्रसव के लिए 30 से 35 हजार रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है। साथ ही नवजात को नवजात गहन देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में रखने के लिए प्रतिदिन पांच हजार रुपये देने की अलग से मांग की गई। वहीं एम्स प्रशासन का कहना है कि विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
बीते बुधवार को चमोली जनपद के एक गांव से गर्भवती को प्रसव के लिए उसके परिजन एम्स लाए थे। महिला के पति ने बताया कि यहां आपातकालीन विभाग में तैनात एक महिला कर्मी (मैं नहीं जानता कि वह डाक्टर थी या अन्य स्टाफ) ने कहा कि बच्चे ने पेट में पॉटी कर दी है। तुरंत ऑपरेशन करना पड़ेगा। ऑपरेशन के लिए करीब 30 से 35 हजार रुपये देने पड़ेगे।
महिला ने यह भी कहा कि बच्चे को एनआईसीयू में रखना पड़ेगा। इसका प्रतिदिन पांच हजार रुपये का खर्चा आएगा। महिला के पति ने आर्थिक रूप से कमजोर होने की बात कह कर धनराशि देने में असमर्थता जताई। महिला के पति ने बताया कि बाद में एम्स आकस्मिक विभाग ने बेड न होने के बात कह कर अन्यत्र जाने को कहा।
हालांकि बाद में चिकित्सकों ने एम्स में ही ऑपरेशन किया। महिला के पति ने बताया कि अब तक बाहर से दवाइयों व अन्य सामान पर उनका 15 हजार रुपये से अधिक का खर्च हो चुका है। अधिकांश दवाइयां व सामान बाहर से मंगाया गया है।
-
- ऑपरेशन व एनआईसीयू के लिए पैसे मांगना गलत है। इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। आरोप सत्य निकले तो संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, पीआरओ, एम्स