ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूर्व में गिरफ्तार किए गए नौरंगी लाल से गांजा मंगाया था। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी रामअवतार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले से नौ प्राथमिकी दर्ज हैं।
बीते 24 जुलाई को आईडीपीएल चौकी पुलिस ने गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान बादक सवार नौरंगी लाल निवासी ग्राम नगला भम्बू जाट, सासनी, हाथरस, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से तीन किलो 95 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था। इस मामले में कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की और उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसमें रामअवतार निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश हाल निवासी गली नंबर 10, गुज्जर बस्ती, श्यामपुर का नाम सामने आया। जांच में रामअवतार की ओर से नौरंगी लाल से गांजा मंगाए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने शुकवार शाम को रामअवतार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार रामअवतार के खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आठ मुकदमे एनडीपीएस एक्ट से संबंधित हैं।