शहीद दुर्गामल्ल पीजी काॅलेज में शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में आमने-सामने आए दोनों गुट
मारपीट में दोनों पक्षों के कार्यकर्ता घायल, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
शिक्षक दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की आपस में भिड़ गए। शिक्षकों के सामने दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शहीद दुर्गामल्ल पीजी काॅलेज डोईवाला में मंगलवार को शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम चल रहा था। एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की ओर से कार्यक्रम किया जा रहा था। इसी बीच एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंच गए। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
शिक्षकों के सामने ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। जमकर लात-घूंसे चले। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। हंगामा होने पर काॅलेज प्रशासन की ओर से पुलिस बुलाई गई। जिसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गालौज, मारपीट कर घायल करने की तहरीर दी गई। काॅलेज प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल ने बताया कि काॅलेज में कार्यक्रम के दौरान हुई घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है। दोनों पक्षों को काॅलेज में बुलाया गया है। एक पक्ष की ओर से काॅलेज में हुए घटनाक्रम को लेकर माफी मांगी गई है।
एबीवीपी की ओर से शिक्षक दिवस का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संचालित किया जा रहा था। दूसरे पक्ष को उनके कार्यक्रम के बाद समय दिया गया था। लेकिन जानबूझकर कार्यक्रम में बाधा डाली गई, जिससे विवाद हो गया। - राजकिरण शाह, एबीवीपी नेता और छात्र संघ अध्यक्ष
कार्यक्रम के लिए एनएसयूआई की ओर से समय मांगा गया था। जिससे दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए। छात्रसंघ पदाधिकारियों की ओर मारपीट और गाली-गलौज की गई। जिससे कार्यकर्ताओं को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। - सावन राठौर छात्र नेता एनएसयूआई