उच्च प्राथमिक विद्यालयो का पृथक से संचालन करने, सर्व शिक्षा के विद्यालयों में प्रधानाध्यापक का पद सृजित करने, टीईटी उत्तीर्ण शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति करने समेत 23 सूत्रीय मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ यमकेश्वर ने सोमवार को उप खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मांगों के संबंध में उप खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से महानिदेशक शिक्षा को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यमकेश्वर ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षक संगठन के अध्यक्ष सुमन नौटियाल और मंत्री संतोष राय के नेतृत्व में उप खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। जुलूस-प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए शिक्षक कार्यालय में पहुंचे। वहां पर सभा का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने कहा कि वे 23 सूत्रीय मांगों की लंबे समय से निराकरण की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन, शासन-प्रशासन लगतार समस्याओं की अनदेखी करता आ रहा है।
बाद में उन्होंने मांगों के संबंध में उप खंड शिखा अधिकारी कुंदन सिंह के माध्यम से महानिदेशक शिक्षा को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में प्राथमिक सहायक अध्यापकों का एंट्री स्केल 16,290 रुपये निर्धारित करते हुए इसी आधार पर पदों का निर्धारण करने, सर्व शिक्षा के विद्यालयों में प्रधानाध्यापक का पद सृजित कर उनमें कार्यरत शिक्षकों को कोषागार कोड आंवटित करने, प्राथमिक शिक्षकों को अन्य राज्य कर्मियो की भाति एसीपी का लाभ देने, राष्ट्रीय और राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को उत्तर प्रदेश की भांति सुविधाए देने की मांग की गई।