क्रेजी पर्यटन विकास मेला-2016 के आखिरी दिन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने ऋषिकेश से हरिद्वार तक गंगा किनारे बने आस्थापथ का विस्तारीकरण करने, नगर में प्रस्तावित संजय झील का निर्माण कराने की घोषणा की। कहा कि उक्त योजनाओं के बाबत संबंधित विभागों से जल्द प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले डेढ़ साल में राज्य के साढ़े सात लाख लोगों को समाज कल्याण विभाग से पेंशन का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि करीब दो साल में चार लाख लोगों को पेंशन योजना के लाभ से जोड़ा जा चुका है।
उन्होंने मार्च तक शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में सभी पदों पर शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित कराने की भी बात कही। सोमवार को सीएम हरीश रावत ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर पुष्पांजलि के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, इनके संरक्षण के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए। इस दौरान सीएम ने कहा कि जब उन्होंने सरकार की कमान संभाली थी तब राज्य में महज दो लाख लोगों को समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना का लाभ मिल पाता था, बताया कि सरकार ने करीब दो साल में चार लाख लोगों को पेंशन योजना से जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ साल में उत्तराखंड में साढ़े सात लाख लोगों को पेंशन मिलने लगेगी। इस दौरान सीएम ने नगर क्षेत्र में आस्थापथ का हरिद्वार तक विस्तारीकरण करने और रंभा नदी पर प्रस्तावित संजय झील का निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही ऋषिकेश से तपोवन, लक्ष्मणझूला तक यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भद्रकाली-बिट्ठल आश्रम बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण कराने की बात कही। इस अवसर पर नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, नरेंद्रनगर की ब्लॉक प्रमुख विनीता बिष्ट, नगर पालिका मुनिकीरेती के अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, ऋषिकेश पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, समाजसेवी बचन पोखरियाल, पूर्व चेयरमैन मनोज द्विवेदी, क्रेजी के अध्यक्ष मनीष डिमरी, बीना जोशी, रोशन रतूड़ी, दिनेश व्यास, महावीर खरोला, संजय अग्रवाल आदि मौजूद थे।