ऋषिकेश। आईएसबीटी के समीप राजकमल होटल के एक कमरे में एक युवक लहूलुहान हालात में पड़ा मिला। होटल मैनेजर ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को स्वास्थ्य उपचार के लिए एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती किया। जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि चिंटू कुमार 27 पुत्र मोहनप्रसाद, निवासी 1146/ 42 फ्लोर ग्राउंड जगदंबा कॉलोनी झील-काली विहार कादीपुर उत्तर प्रदेश दिल्ली ने आईएसबीटी परिसर के समीप राजकमल होटल में कमरा लिया हुआ था। शनिवार सुबह होटल के मैनेजर ने जब कमरा खटखटाया तो अंदर से कमरा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा खटखटाया, तो भी दरवाजा नहीं खुला। जिस पर पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर जाकर देखा तो युवक लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था, युवक के दोनों हाथों की नसें और गले की नस कटी हुई थी, लेकिन सांसे चल रही थी। युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया। युवक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। परिजनों से जानकारी मिली कि युवक घर से लड़कर गुस्से में ऋषिकेश आया था। संभवत: इसी कारण उसने ऐसा कदम उठाया है।