- ऋषिकेश, नरेंद्रनगर, यमकेश्वर और डोईवाला के महाविद्यालयों के चारों परिसरों में कुल 102 नामांकन पत्र बिके
ऋषिकेश/ नरेंद्रनगर/ यमकेश्वर/डोईवाला। ऋषिकेश, नरेंद्रनगर, यमकेश्वर और डोईवाला के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बुधवार को चुनावी गतिविधियां तेज रहीं। चारों परिसरों में विभिन्न पदों के लिए कुल 102 नामांकन पत्र बिके। नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बृहस्पतिवार को निर्धारित समय पर नामांकन प्रक्रिया होगी। महाविद्यालय प्रशासन ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।ऋषिकेश के श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के पीएलएमएस परिसर में 26 नामांकन पत्र बिके। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव व कोषाध्यक्ष के लिए 20 और विवि प्रतिनिधि के लिए छह प्रपत्र बिके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. वीके गुप्ता ने बताया कि बिक्री 11 से तीन बजे तक हुई। बृहस्पतिवार को इसी समय नामांकन होंगे। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, नरेंद्रनगर के धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय में 25 प्रपत्र बिके। अध्यक्ष के आठ, उपाध्यक्ष व विवि प्रतिनिधि के चार-चार व सचिव, सह-सचिव व कोषाध्यक्ष के तीन-तीन प्रपत्र बिके। विक्रय समिति संयोजक डॉ. इमरान अली और चुनाव मीडिया संयोजक डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल ने जानकारी दी। यमकेश्वर के महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में नौ प्रपत्र बिके। प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने आचार संहिता के पालन की अपील की। साथ ही डोईवाला के शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज में 42 प्रपत्र बिके। प्राचार्य डॉ. देवेश प्रसाद भट्ट के अनुसार अध्यक्ष छह, उपाध्यक्ष नौ, सचिव, सह-सचिव व कोषाध्यक्ष छह-छह और विवि प्रतिनिधि के नौ प्रपत्र बिके। नामांकन 11 से तीन बजे तक होंगे। प्रवेश परिचय पत्र से होगा और रैली-जुलूस प्रतिबंधित रहेगा।