कौडियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब दिल्ली से आ रही एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े सरियों से लदे ट्रॉले में जा घुसी।
मंगलवार को दिल्ली से आ रही एक कार सुबह करीब सात बजे बदरीनाथ हाईवे पर कौडियाला के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रॉले के नीचे जा घुसी। थाना मुनि की रेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि सूचना पर ब्यासी चौकी से पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची।
कार में चालक सहित आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। सभी पौड़ी निवासी बताए जा रहे हैं। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रॉले के अंदर धंस गया था। चालक की बगल वाली सीट में एक महिला फंसी हुई थी।
एसडीआरएफ ने कटर से कार के हिस्से को काटकर महिला को बाहर निकाला लेकिन महिला की मौत हो चुकी थी। मृतक महिला की पहचान धूमा देवी (55) पत्नी दिलबर सिंह, निवासी निसणी पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई।
चालक गोविंद सिंह सहित अन्य लोगों को हल्की चोटें आई थी, जिन्हें राजकीय उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश उपचार के लिए लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रथम दृष्टतया दुर्घटना का कारण चालक को नींद की हल्की झपकी आना बताया जा रहा है।