गर्मी और स्कूलों की छुट्टियों के बीच ऋषिकेश में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। दिल्ली, हरियाणा, यूपी और राजस्थान से पहुंच रही भारी भीड़ के कारण हाईवे और बाईपास पर सुबह से दोपहर तक जाम के हालात बन गए हैं, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूलों में छुट्टियां पड़ने के बाद कई लोग दिल्ली एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से अपने गांव घूमने के लिए आ रहे हैं। कुछ पर्यटक नीलकंठ मंदिर के दर्शन करने के साथ ऋषिकेश, रामझूला, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला स्थित कांच के पुल का दीदार करने के साथ एक-दो दिन जंगल कैंप में बिताने के लिए आए हैं।
कुछ पर्यटक सुबह दिल्ली से चलकर एक रात ऋषिकेश या शिवपुरी में रहकर अगले दिन वापस जा रहे हैं। इन पर्यटकों की भीड़ के कारण नेपालीफार्म से श्यामपुर पुलिस चौकी, बाईपास मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, कोयलघाटी चौक, पुरानी चुंगी, चंद्रभागा पुल के साथ ही ढालवाला से एआरटीओ कार्यालय तक वाहनों की लाइनें लगी थी। अपराह्न चार बजे के बाद स्थिति कुछ सामान्य हो पाई।
यातायात निरीक्षक मुनि की रेती संजय रौथाण ने बताया कि दिल्ली से आने वाले वाहनों की भीड़ थी। तपोवन में दबाव बढ़ने पर पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को ब्रह्मपुरी से गरुड़चट्टी पुशलोक बैराज डायवर्ट किया गया।