- मेयर शंभू पासवान ने एसबीआई के समीप निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
ऋषिकेश। रेलवे रोड पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या 10 में भारतीय स्टेट बैंक के समीप 6.68 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को मेयर शंभू पासवान ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
रेलवे रोड पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ ही व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नाले के निर्माण से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता में भी सुधार होगा। महापौर शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम कराने पर जोर दिया। इस मौके पर पार्षद आशु डंग, भूषण लाल डंग, दिलीप अरोड़ा, काकू चावला, महेश डंग, राजीव गर्ग सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नाला निर्माण शुरू होने पर खुशी जताई।