ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । चारधाम यात्रा के लिए मुनिकीरेती क्षेत्र में आने वाले तीर्थ यात्रियों को जानकारी देने के लिए नगर पालिका मुनिकीरेती की ओर से दो एलसीडी लगाई गई हैं। एलसीडी मुनिकीरेती स्थित शिवानंद पार्किंग और भद्रकाली मंदिर के समीप लगाई गई हैं। एलसीडी के माध्यम से तीर्थनगरी के धार्मिक स्थलों, धर्मशालाओं, पार्किंग स्थलों और होटलों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा तीर्थयात्रियों को नगर की स्वच्छता और क्षेत्र के अंतर्गत पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि देश विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों को क्षेत्र की जानकारी से अवगत कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि अक्सर तीर्थनगरी क्षेत्र में देश विदेश से आने वाले यात्रियों को क्षेत्र की जानकारी नहीं हो पाती है। इसके लिए नगर पालिका मुनिकीरेती ने सार्वजनिक स्थलों पर एलसीडी लगाकर तीर्थयात्रियों को क्षेत्र की संपूर्ण जानकारी मुहैया कराने की पहल की है। इसके अलावा एलसीडी के माध्यम से तीर्थ क्षेत्र की गरिमा को बनाए रखने के लिए तीर्थयात्रियों से क्षेत्र को स्वच्छ रखने और पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।