ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। पहाड़ से तेजी से हो रहे पलायन का दर्द हिंदी फिल्म लव का एंड में दिखाई देगा। उत्तराखंड के फिल्मकार, लेखक, निर्देशक और अभिनेता अशोक चौहान के लीड रोल वाली हिंदी फिल्म जल्द पर्दे पर आ रही है। अशोक चौहान चर्चित फिल्म ओंसी की रात, बटोई, जन्मू कु साथ, गढ़ रामी बौराणी, फ्यौंली ज्वान ह्वेगी, जुन्याली रात, गंगा का मैती आदि कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। धीरेंद्र डिमरी की इस फिल्म में पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को फोकस किया गया है।
फिल्म के निर्देशक वसंत झा और निर्माता स्वतंत्र जैन हैं। फिल्म में अधिकांश कलाकार रंगमंच से लिए गए हैं। मुख्य कलाकारों में निखिल सिरोही, सीमा नेगी, पेरिस सिंह, माला मल्होत्रा, गोकुल पंवार, रमेश नौटियाल, निधि सभ्रवाल, सचिन चोपड़ा, रीता भंडारी, रुचि धीमान और शेन कुमार हैं। अभिनेता अशोक चौहान ने बताया कि फिल्म पहाड़ पर पलायन क्यों हो रहा है? इसको केंद्रित कर बनाई गई है। अधिकांश शूटिंग झड़ीपानी मसूरी, धनोल्टी और देहरादून आदि स्थानों पर की गई है।
फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी फिल्म
अभिनेता अशोक चौहान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिल्म को पर्दे पर दिखाने से पहले देशभर में होने वाले फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी। इसके बाद ही पर्दे पर दिखाई जाएगी। उन्होंने बताया कि फिल्म में पहाड़ के दर्द को बयां किया गया है, इसलिए उम्मीद है कि उत्तराखंडवासियों को फिल्म पसंद आएगी।