ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। श्री हरज्ञानचंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज डोईवाला में आयोजित किए गए आशीर्वाद समारोह में स्कूली बच्चों को गुरु के महत्व के बारे में बताया गया। ऋषिकेश रोड़ स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित किए गए आशीर्वाद समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षक कुलदीप सैनी ने दीप जलाकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अंग्रेजी साहित्यकार जॉन मिल्टन के व्यक्तित्व को बताते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष कर मुकाम हासिल किया।
मुख्य अतिथि ने बच्चों को वार्षिक परीक्षाओं में सफलता के लिए आशीर्वाद दिया। पूर्व प्रधानाचार्य रोशनलाल अग्रवाल ने परीक्षाओं में बेहतर अंक लाने के लिए टिप्स दिए। कहा कि गुरु के मार्गदर्शन में ही छात्र सफलता की सीढ़ियों को आसानी से चढ़ पाता है। स्कूली बच्चों ने विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी। कार्यक्रम अध्यक्ष आंनद गुप्ता, संस्कार भारती के अध्यक्ष ईश्वरचंद अग्रवाल, प्रधानाचार्य महेश चंद गुप्ता, दून घाटी कॉलेज डोईवाला के प्रधानाचार्य डॉ. ललित शर्मा, बीएड संकाय के कुलदीप आचार्य, संपूूर्णानंद थपलियाल, निकिता रावत, कुलदीप, पारस और आशा आदि मौजूद रहे।