ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शुक्रवार को गंगाभोगपुर स्थित आदर्श विद्यालय, तीर्थनगरी तथा आसपास क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्कूली बच्चों ने जागरुकता रैली निकाल कर क्षेत्र के लोगों को जागरूक किया। साथ ही मतदान में भागीदारी की शपथ भी दिलाई गई।
शुक्रवार को गंगाभोगपुर स्थित आदर्श विद्यालय में शिक्षिका धनेश्वरी रतूड़ी ने कहा कि चुनाव आयोग देश के प्रत्येक मतदाता से अपेक्षा करता है कि वह चुनावों में बढ़ चढ़कर भाग लें और सशक्त सरकार चुनें। डॉ. अतुल बमराडा ने बताया कि वर्ष 1950 में स्थापित चुनाव आयोग के 61वें स्थापना दिवस पर वर्ष 2011 से राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुरुआत की थी।
मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में चेयरमैन राजे नेगी ने कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति हमारा मताधिकार है। इसके प्रति हम सभी को जागरूक होकर अपने मत का सही उपयोग करना चाहिए। इस मौके पर उत्तम सिंह असवाल, दीपिका पंत, प्रिया क्षेत्री, दिव्या सक्सेना, प्रियंका कुकरेती, रमेश लिंगवाल, मंजू देवी, आशुतोष कुड़ियाल, मनोज नेगी, रवि कुकरेती, वीरेंद्र नौटियाल आदि उपस्थित रहे।
हरिद्वार रोड स्थित पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को चुनाव संबंधी जानकारी दी गई। शिक्षक चंद्र प्रकाश तथा मदन लाल ने मतदान के महत्व और अधिकार की जानकारी दी। इस दौरान ललित किशोर शर्मा भी मौजूद रहे।
देहरादून रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। शिक्षिका इंदु काला ने छात्राओं को मतदाताओं को प्रोत्साहित करने, मतदान करने की शपथ दिलाई। शपथग्रहण में कक्षा छह, सात, आठ, नौ तथा ग्यारह की छात्राओं ने भाग लिया।
ढालवाला स्थित लिटिल स्टार सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। इसके अतिरिक्त विद्यालय की ओर से निबंध लेखन, वाद विवाद तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य एसडी भटट् आदि मौजूद रहे।
ढालवाला एमआईडी स्कूल में छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, काव्य प्रस्तुति, नाटक मंचन के जरिए मतदान के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाई। इस दौरान पहली बार मतदाता बने छात्रों को मतदान के दिन अपने मताधिकार के प्रयोग करने की अपील की गई। इस मौके पर एमआईडी के सचिव एचजी जुयाल ने छात्रों को मतदान के प्रयोग तथा अधिकार की जानकारी दी।