ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। प्रयागराज में आयोजित कुंभ 2019 में शनिवार से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश ने तीर्थयात्रियों को चिकित्सकीय सेवाएं देना शुरू कर दिया है। शनिवार को प्रयागराज में नेत्र परीक्षण शिविर का एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने शुभारंभ किया। निदेशक प्रो. रविकांत ने बताया कि शिविर प्रतिदिन तीन शिफ्ट में करीब दो माह यानी छह मार्च तक चलेगा। शिविर में संस्थान के नेत्र विभाग के चिकित्सकों की ओर से कुंभ स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में श्रद्धालुओं के नेत्र परीक्षण को सभी आधुनिकतम मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इस अवसर पर संस्थान के आउटरीच सेल के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव मित्तल की अगुवाई में बीते दिनों संस्थान के विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम यात्रियों की सेवा के लिए प्रयाग कुंभ में पहुंची। शिविर में सीनियर रेजीडेंट डॉ. नीरज, डॉ. स्वीटी, जूनियर रेजीडेंट डॉ. प्रतीक, डॉ. महेश, डॉ. अचला, डॉ. हिमांशी, प्रदीप, चंदन आदि उपस्थित रहे।