ऋषिकेश। तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस पर 55 फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार को उन्होंने अपनी समस्या बताई। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर लोगों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस पर कृष्णानगर कॉलोनी को हटाने पर भी चर्चा हुई।
मंगलवार को तहसील दिवस पर श्यामपुर, रायवाला, नगर निगम क्षेत्र आदि जगहों से फरियादी पहुंचे। जिसमें पेंशन, प्रॉपर्टी विवाद, सड़क, निराश्रित जानवरों से निजात, सीवर लाइन, विद्युत, पेयजल, सरकारी सस्ता गल्ला आदि समस्याएं गूंजी। जिसमें गीताराम शर्मा, उत्तम सिंह नेगी, माधवप्रसाद नौटियाल, रविकुमार, माधव चैतन्य, बृजपाल राणा, रणवीर चौधरी, राजकुमार पांडेय, स्वामी नारायणनंद गिरी, सत्यप्रकाश भट्ट, रीना भारद्वाज, वेद प्रकाश धींगड़ा, मदनलाल, शिवकुमार गौतम, विद्यानाथ चौपड़ा, जयेंद्रपाल सिंह रावत, प्रमिला, विजयलक्ष्मी पंवार, कमला देवी, विक्रम सिंह, धर्मपाल सिंह आदि ने डीएम के सामने अपनी समस्या रखी। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से वार्ता कर एक सप्ताह के अंदर पीड़ितों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी डॉ. अपूर्वा पांडेय, तहसीलदार अमृता शर्मा, एसपी देहात स्वतंत्र कुमार, नगर कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी, सीएमस डा. विजयेश भारद्वाज, डॉ. संतोष कुमार पांडेय, एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव, सहायक नगर आयुक्त एलम दास, रानीपोखरी थानाध्यक्ष जितेंद्र चौहान, लेखपाल सतीश जोशी आदि थे।
पेड़ों के पातन में हेमंत गुप्ता बन रहे रुकावट
ऋषिकेश। तहसील दिवस पर नेशनल हाईवे के सहायक अभियंता ने भी डीएम से गुहार लगाकर समस्या के समाधान करने की मांग की है। एनएच के सहायक अभियंता रवि सक्सेना ने बताया कि एनएच की ओर से कोयल से चंद्रभागा तक दो किमी क्षेत्र तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है। सड़क चौड़ीकरण करने से पहले दो किमी की दूरी तक करीब 16 पेड़ों को काटना है। लेकिन यहां त्रिवेणीघाट चौक के समीप स्थानीय निवासी हेमंत गुप्ता पेड़ों को काटने में रुकावट पैदा कर रहा है। कहा वे विभागीय अधिकारियों को पेड़ों को काटने पर आत्महत्या की चेतावनी दे रहा है। जिससे उनके काम में बाधा पहुंच रही है। एई की शिकायत सुन डीएम ने नगर कोतवाल को निर्देशित कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में आई छह समस्याएं
डोईवाला। मंगलवार को ब्लाक सभागार में आयोजित किए गए तहसील दिवस में महज छह समस्याएं आई। तहसीलदार सुशील कुमार सैनी ने समस्याओं को सुना। दूधली के नवीनचंद पांडे ने सड़क किनारे जंगल के पेड़ों से जान-माल के नुकसान होने की संभावना के अलावा पशु चिकित्सालय का स्थाई भवन बनाने को लेकर समस्या रखी। इस तरह कुल छह समस्याएं ही तहसील दिवस पर पहुंची। हालांकि तहसील दिवस में सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे। संवाद