ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पिछले 24 घंटे में विभिन्न गंभीर रोगों से ग्रसित चार कोविड पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। इसके अलावा 13 लोगों के कोविड सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें दो स्थानीय लोग भी शामिल हैं।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि धीरवाली, ज्वालापुर हरिद्वार निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल हरिद्वार से रेफर होकर एम्स आया था। उक्त व्यक्ति को छाती में दर्द व सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। उक्त मरीज की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड वार्ड में भर्ती किया गया था। जहां बृहस्पतिवार देरशाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
भगवानपुर रुड़की हरिद्वार निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति 15 अगस्त को हरिद्वार जिला अस्पताल से एम्स इमरजेंसी में रेफर होकर आए थे। मरीज को पिछले कुछ दिनों से बुखार व सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। मरीज का कोविड सैंपल पॉजिटिव आने पर उसे कोविड वार्ड में रखा गया था। जहां मरीज की बृहस्पतिवार की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। ज्वालापुर, हरिद्वार निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति हाइपरटेंशन से ग्रसित था। पिछले दो दिनों में सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर बीती 17 अगस्त को एम्स में इमरजेंसी में भर्ती किया गया था। जहां बृहस्पतिवार देररात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं विकासनगर, देहरादून निवासी 58 वर्षीय महिला जिसे गंभीर अवस्था में बृहस्पतिवार को जौलीग्रांट स्थित अस्पताल से एम्स इमरजेंसी में रेफर किया गया था। उक्त महिला को पिछले 10 दिनों से सांस लेने में तकलीफ, चार दिन से बुखार से साथ ही बेचैनी की शिकायत थी। हाइपरटेंशन की बीमारी से ग्रसित इस मरीज के कोविड पॉजिटिव पाए जाने पर उसे कोविड वार्ड आईसीयू में भर्ती किया गया था, जहां बृहस्पतिवार देरशाम उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
सरकारी अस्पताल में इलाज को आई महिला पॉजिटिव
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में इलाज कराने पहुंच रहे लोग लगातार पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। शुक्रवार को भी यहां इलाज कराने पहुंची एक महिला रैपीड एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई। महिला गर्भवती थी और रुटीन चेकअप के लिए आई थी। महिला को एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सीआरटी के प्रभारी एसएस यादव ने बताया कि शुक्रवार को चंद्रभागा निवासी 26 वर्षीय एक गर्भवती महिला इलाज के लिए देहरादून रोड स्थित एसपीएस राजकीय चिकित्सालय आई थी। यहां चिकित्सकों ने उसका रैपीड एंटीजन टेस्ट लिया। जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इस पर अस्पताल प्रशासन की सिटी रिस्पांस टीम ने महिला को तत्काल एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया।