- छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से गूंजे तीर्थनगरी के घाट, त्रिवेणी से स्वर्गाश्रम तक उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया छठ महापर्व का समापन
उगा है सूरज देव, भइले अरघ के बेर के स्वरों से गूंजा त्रिवेणी घाट
36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद त्रिवेणी गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब सोलह शृंगार कर महिलाओं ने मांगी परिवार की सुख-समृद्धि
- महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और ठेकुआ सहित प्रसाद बांटा
ऋषिकेश। गंगा की लहरों के बीच आस्था की डुबकी, हाथों में फलों से सजी सुपलियां और मन में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ सोमवार की भोर तीर्थनगरी छठ के रंग में रंगी नजर आई। 'उगा है सूरज देव, भइले अरघ के बेर' और छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों के बीच व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। त्रिवेणी घाट पर तड़के चार बजे से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।
त्रिवेणी घाट से नाव घाट तक रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट ने पर्व की रौनक बढ़ाई। व्रती महिलाओं ने बेदियां सजाकर फल, दीप और पूजन सामग्री रखी। पारंपरिक परिधानों और सोलह शृंगार में सजी महिलाएं परिवार के साथ गंगा तट पहुंचीं। रातभर छठी मइया के गीतों और आतिशबाजी से घाट गूंजते रहे।
सूर्योदय से पहले महिलाएं गंगा के शीतल जल में खड़ी होकर सूर्यदेव की प्रतीक्षा करती रहीं। सूर्य की पहली लालिमा दिखाई देते ही गाय के दूध और गंगाजल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। व्रत पूर्ण होने पर महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद वितरित किया।
त्रिवेणी घाट के अलावा वीरभद्र छठ घाट, आवास विकास आस्था पथ, लक्ष्मणझूला गंगा घाट, साधु समाज घाट, राधा घाट और वानप्रस्थ गंगा घाट पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भी तड़के से गंगा किनारे बेदियां सजाकर पूजा-अर्चना की गई। लोकगीतों, पारंपरिक अनुष्ठानों और सामूहिक आराधना ने तीर्थनगरी को पूर्वांचल की लोकसंस्कृति और लोक आस्था के रंग में सराबोर कर दिया।