ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर। गुमानीवाला के वार्ड- 5 (ओम विहार कॉलोनी) में बीते बृहस्पतिवार रात्रि को हुई बारिश से सड़क पर पानी जमा हो गया। इस समस्या से कॉलोनी के लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि 12 वर्ष पहले ये सड़क राज्य योजना अंतर्गत बनी थी। अब ये सड़क जीर्णशीर्ण अवस्था में आ चुकी है। कॉलोनी के ही एके रस्तोगी, कांति नौटियाल, जनार्दन रयाल का कहना है कि लोक निर्माण विभाग सहित तमाम जनप्रतिनिधियों से सड़क बनाने की मांग की जा चुकी है। कोई इस सड़क की सुध नहीं ले रहा है। थोड़ी सी बारिश होने पर इस सड़क पर जलभराव हो जाता है। बच्चे भी स्कूल नहीं जा पाते हैं।
कॉलोनी वासियों का कहना है कि सड़क बनाने की गुहार एक बार विधायक से की जाएगी। इसके बाद भी सड़क नहीं बनी तो कॉलोनी के लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर मुरारी लाल, हरि सिंह बोरा, संगीता नौटियाल, धनुली बोरा, हरीश असवाल, सुमित्रा, सुरुचि, मोनू शर्मा आदि मौजूद थे।
किसानों ने किए आवेदनपत्र जमा
श्यामपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को लेकर श्यामपुर स्थित पंचायत घर में कृषि मेले का आयोजन किया गया, जिसमें सौ से अधिक किसानों ने पहले दिन आवेदनपत्र जमा किए। श्यामपुर पंचायत घर में आयोजित कृषि मेले में प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के अंतर्गत श्यामपुर ग्राम सभा के किसानों ने आवेदनपत्र जमा किए। सहायक कृषि अधिकारी चमनलाल असवाल ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि की पात्रता के बारे में जानकारी दी। बताया कि कौन इसके पात्र हैं, इसकी जानकारी आवेदनपत्र में दी गई है। सम्मान निधि के लिए जरूरी दस्तावेज खतौनी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड व आवेदक की एक फोटो फार्म के साथ संलग्न करके जमा करनी होगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्यामपुर शाकंबरी बिष्ट, भगवान सिंह रावत, देवेंद्र सिंह रावत, इंद्र सिंह पोखरियाल, पूरन चंद रमोला, संतोष पोखरियाल, रमेश राणा, राहुल बिष्ट, बिट्टू राणा आदि उपस्थित थे।