ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । उड़ान फाउंडेशन की ओर से नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता-2019 में स्वर्ण पदक जीतने वाली सृष्टि चौहान को सम्मानित किया गया। शुक्रवार को देहरादून रोड स्थित कार्यालय में अभिनेता करन शर्मा व फाउंडेशन के चेयरमैन राजे नेगी ने सृष्टि चौहान को पुष्प गुच्छ, शाल ओढ़ाकर व साईं बाबा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर राजे नेगी ने बताया कि देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 3 से 6 जनवरी के बीच हुई नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सृष्टि ने स्वर्ण पदक जीतकर तीर्थ नगरी व प्रदेश का नाम रोशन किया। सृष्टि का चयन फरवरी माह में मलेशिया में होने जा रही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो चुका है। सृष्टि ने बताया कि वह कराटे में भी दिसंबर-2018 में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बहन साक्षी भी कराटे चैंपियनशिप में नेशनल गोल्ड जीत चुकी है। इस मौके पर पंडित रवि शास्त्री, उत्तम सिंह असवाल, अभिषेक शर्मा, रवि कुकरेती, आशुतोष कुड़ीयाल, मनोज नेगी मौजूद थे।