ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व पर मतदाताओं में उत्साह कभी ज्यादा कभी कम देखने को मिला। सुबह सात बजे से मतदान का समय निर्धारित था। मतदाता सुबह साढ़े छह बजे से ही मतदान केंद्रों के बाहर पहुंच गए। तेज धूप में लोगों का साहस जरूर डोला, लेकिन यहां भी कई महिलाएं छाते का सहारा लेकर मतदान केंद्र पहुंची। वहीं, पॉश कॉलोनी में मतदान के प्रति लोगों में उत्साह कम देेखने को मिला। यहां के मतदान केंद्रों में भीड़ न के बराबर देखने को मिली। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में तीर्थनगरी तथा आसपास क्षेत्रों में मतदान का मिलाजुला असर देखने को मिला। सभी मतदान केंद्रों में तैनात पीठासीन अधिकारियों ने सर्वप्रथम ईवीएम मशीनों को जांचा। इसके बाद ही सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई।
शुरूआती दौर में मतदान के लिए लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह साढ़े छह बजे से लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों के बाहर जमा होने शुरू हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने सुबह सात बजे से पूर्व किसी को भी मतदान केंद्र के अंदर नहीं जाने दिया। ठीक सात बजे लोगों की लाइनें लगनी शुरू हो गई, जो तकरीबन 11 बजे तक रही। इसके बाद तेज धूप के चलते मतदाताओं का धैर्य टूटता नजर आया। तीसरे पहर में मौसम ठंडा होने के साथ मतदाताओं की भीड़ एक बार फिर उमड़ी। यही वजह रही कि नाभा हाउस, चंद्रभागा और भरत मंदिर के बूथों पर करीब साढ़े छह बजे तक मतदान हुआ।
गर्मी के बावजूद बुजुर्गों का उत्साह नहीं डोला
17वीं लोकसभा चुनाव के लिए बुजुर्गों और दिव्यांगों में खास उत्साह देखने को मिला। अधिकांश मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग अपने परिजनों के साथ पहुंचे। ज्योति स्पेशल स्कूल में दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई थी। यहां बुजुर्ग मतदाता अधिक संख्या में देखने को मिले। 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला देवकी तोमर व्हील चेयर पर बैठकर यहां मतदान करने पहुंचीं। 75 वर्षीय रोमा देवी भी अपने पौत्र के साथ व्हील चेयर पर आईं और मताधिकार का प्रयोग किया। नगर निगम में तिलक रोड निवासी 70 वर्षीय वीना देवी भी व्हील चेयर पर अपने परिजनों के साथ वोट डालने पहुंची।
दिव्यांगों ने भी उत्साहपूर्वक किया मतदान
पैरा ओलंपियन नीरजा गोयल नाभा हाउस स्थित बूथ पर व्हील चेयर से पहुंचीं और मतदान किया। वहीं, हरीचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में 85 वर्षीय दामोदर प्रसाद तिवाड़ी, दिव्यांग जोगेंद्र आदि बुजुर्ग मतदान को लेकर उत्साहित दिखे। इसके अलावा ऋषिकेश पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, नगर निगम, मायाकुंड, चंद्रेश्वर नगर, नाभा हाउस, आवास विकास विद्या मंदिर, आईडीपीएल, श्यामपुर, बापूग्राम आदि क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में बुजुर्ग की तादात देखने को मिली। तेज धूप में जहां नौजवान मतदाता छांव की तलाश करते दिखे वहीं दिव्यांगों और बुजुर्गों का आवागमन पोलिंग बूथों पर बना रहा।
पॉश क्षेत्रों में कम देखा गया रुझान
तीर्थनगरी की पॉश इलाकों में मतदान का रुझान कम देेखने को मिला। यहां प्रगति विहार, शैल विहार, आशुतोष नगर, तिलक रोड, गंगा नगर, गंगा विहार, हनुमंतपुरम, उग्रसेन नगर, आवास विकास आदि क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में कमी देखने को मिली। यहां के लोगों के मतदान केंद्र मॉर्डन स्कूल, ज्योति स्पेशल स्कूल, ऋषिकेश पब्लिक स्कूल विद्या मंदिर आवास विकास बनाए गए थे। मगर, इन सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं की संख्या बहुत कम देखने को मिली।
धूप से बचने को लिया छतरी का सहारा
मतदान शुरू होने के बाद सुबह मतदाताओं में मतदान के प्रति जोश देखने को मिला। इस दौरान सूर्य देवता ने भी मतदाताओं की जमकर परीक्षा ली। यही वजह रही कि दोपहर 11 बजे के बाद मतदाताओं की आमद लगातार सुस्त होती रही। जो लोग लाइन में खड़े हो गए थे उन्हें मजबूरन छतरी या रुमाल से सिर ढककर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। ज्यादातर लोग धूप का असर कम होने का इंतजार करते रहे। ऐसे लोगों ने शाम को मताधिकार का प्रयोग किया।
बाजारों में पसरा सन्नाटा, सड़कें रही सूनी
आमतौर पर तीर्थनगरी के बाजारों में सुबह से रात्रि तक काफी भीड़ देखने को मिलती है, लेकिन मतदान के चलते बाजारों में सन्नाटा देखने को मिला। हालांकि बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बंदी के चलते व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखते हैं। इसके बावजूद मतदान के कारण भी रेलवे रोड, घाट रोड, मुखर्जी मार्ग, झंडा चौक, गोल मार्केट, लाजपतराय मार्ग, लक्ष्मणझूला रोड, देहरादून रोड, हीरालाल मार्ग, तिलक रोड, हरिद्वार रोड, वीरभद्र मार्ग आदि क्षेत्रों में आवागमन भी बेहद नगण्य रहा।
इन वीआईपी ने यहां डाले वोट
लोकसभा चुनाव के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल अपनी पत्नी और पुत्र के साथ ज्योति स्पेशल स्कूल में सुबह साढ़े 10 बजे मतदान करने पहुंचे। मेयर अनिता ममगाईं ने देहरादून रोड कोतवाली के सामने प्राथमिक विद्यालय में वोट डाला। राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल ने नगर निगम के सामने प्राथमिक विद्यालय नंबर चार में अपना मत का प्रयोग किया, जबकि राज्यमंत्री भगतराम कोठारी ने पत्नी चारु माथुर कोठारी के साथ ज्योति स्पेशल स्कूल में मत डाला।
संत समाज में नहीं दिखा चुनाव के प्रति उत्साह
लोकसभा चुनाव को लेकर तीर्थ नगरी के संत समाज में उत्साह बेहद निराशाजनक रहा। बहुत कम संख्या में संत समाज के लोग लाइन में खड़े दिखे। इसके अलावा ज्यादातर बूथों पर संतों की आमद नदारद रही। समाज को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अक्सर सीख देने वाले संत समाज की लोकतंत्र के उत्सव से ये दूरी नगर के लोगों को भी खूब अखरी।