ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद हमीर पोखरियाल स्मृति द्वार का विधिवत शिलान्यास किया। स्मृति द्वार निर्माण के लिए विधायक निधि से चार लाख की धनराशि जारी की गई है। सोमवार को गुमानीवाला में विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जम्मू कश्मीर में शहीद हुए हमीर पोखरियाल की स्मृति में शहीद द्वार का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि जिस जवान का लहू देश के काम आता है वह युगों युगों तक याद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि शहीद हमीर पोखरियाल, विकास गुरुंग व प्रदीप रावत के नाम पर शहीदी स्मारक बनाने के लिए हंस फाउंडेशन से बात की गई है। जमीन उपलब्ध होते ही शहीद स्मारक का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। जल्द ही शहीद विकास गुरुंग की स्मृति में भी द्वार का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर स्थानीय लोगों के साथ प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद हमीर पोखरियाल के पिता जयेंद्र पोखरियाल, माता राजकुमारी पोखरियाल, शहीद विकास गुरुंग के पिता रमेश गुरुंग का भी सम्मान किया। इस अवसर पर सुरेंद्र उनियाल, बुद्धि प्रकाश, गब्बर सिंह असवाल, सुरेंद्र प्रसाद डंगवाल, किशोरी पैन्यूली, रूप लाल जोशी, रामप्रसाद, शेर सिंह, संजीव चौहान आदि मौजूद थे।