ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तिलक रोड में नाले के ऊपर किए अतिक्रमण को हटाने के लिए मेयर अनिता ममगाईं ने अतिक्रमणकारियों को रविवार तक का समय दिया है। अतिक्रमण न हटने की सूरत में सोमवार से नगर निगम प्रशासन कार्रवाई करेगा। मंगलवार को तिलक रोड में नाले की सफाई में आ रही दिक्कतों का मेयर अनिता ममगाईं ने निरीक्षण किया। इस दौरान नाली के ऊपर अधिकांश जगह पर अतिक्रमण पसरा मिला। इस पर मेयर ने अतिक्रमणकारियों को शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
इस दौरान मेयर ने डॉक्टर कॉलोनी में भी नालियों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां पार्क का निरीक्षण कर मेयर ने सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल को समय-समय पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। मेयर अनिता ममगाईं ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम वचनबद्ध है। तिलक रोड में नाले में सफाई व्यवस्था में आ रही दिक्कतों का निरीक्षण किया गया है।
यहां सफाई करने में आ रही दिक्कत
तिलक रोड में पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा के निवास के बाहर गली में सफाईकर्मियों ने नाले में काफी समय से सफाई करने में आ रही परेशानियों के बारे मेें भी मेेयर को अवगत कराया। इस पर मेयर ने सफाईकर्मियों को वहां पर जाली आदि फिट कर सफाई करने को कहा।