ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में पायरेक्सिया के चौथे दिन द लोकल ट्रेन बैंड के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। देर रात तक चले कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रोता जमकर झूमे। रविवार देर रात एम्स में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में दिल्ली के द लोकल ट्रेन बैंड ग्रुप के कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब थिरकाया। निदेशक प्रो. रविकांत ने कहा कि मेडिकल के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य शिक्षणेत्तर गतिविधियों में भी प्रतिभाग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। सांस्कृतिक संध्या में गायक रामित मेहरा, रमन नेगी, साहिल सरीन व पारस ठाकुर ने आओगे तुम कभी... गीत की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की तालियां बटोरीं। इस दौरान ग्रुप के कलाकारों ने दिल मेरे दिल नवाज..., दिल मेरे तू है एक बंजारा..., वाकिफ ना हूं नादान कोई..., आफताब... आदि गीत प्रस्तुत कर लोगों को खूब मनोरंजन किया। इस दौरान ग्रुप की प्रस्तुति पर दर्शक जमकर थिरके।
वालीबॉल में एम्स ऋषिकेश की टीम विजेता
इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। इसके तहत वालीबॉल प्रतियोगिता में ऋषिकेश एम्स की टीम विजयी रही। फुटबॉल में एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज देहरादून ने बाजी मारी। कबड्डी में एम्स ऋषिकेश की टीम विजेता रही, जबकि बास्केट बॉल के महिला वर्ग में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की टीम अव्वल रही। इस अवसर पर डॉ. ब्रह्मप्रकाश, प्रो. सुरेखा किशोर, प्रो. मनोज गुप्ता, प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, डॉ. बलराम जीओमर आदि मौजूद थे।