ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विवेकाधीन कोष से 80 से अधिक जरूरतमंद लाभार्थियों को चार लाख धनराशि के चेक वितरित किए। इस दौरान भारत सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाभार्थियों को गैस के निशुल्क कनेक्शन भी वितरित किए गए। बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा है कि समाज के उपेक्षित वंचित व शोषित वर्ग को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए व त्वरित आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष सरकार की कोई योजना नहीं है। अपने विवेक के आधार पर जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। यह लाभ सीधे जरूरतमंद को पहुंचे इसलिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऋषिकेश विधानसभा में अब तक 150 से अधिक गैस कनेक्शन लोगों को वितरित किए जा चुके हैं। इस मौके पर चेतन शर्मा, रजनीश शर्मा, सतपाल सैनी, संजीव चौहान ,सुमित पवार, वीरेंद्र रमोला, लाभार्थियों में ज्योति देवी, कमलेश्वरी, लाल बहादुर, कृपाल सिंह, बिल्ला देवी, बुरा देवी ,मीरा देवी, रीना देवी, शांति देवी, उषा देवी, विमला देवी आदि मौजूद रहे।