ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। लालतप्पड़ गांव में गुलदार की चहलकदमी से भय का माहौल बन रहा है। देर रात गुलदार ने एक मवेशी पर हमला कर घायल कर दिया। गुलदार की आवाजाही होने से वन विभाग रात्रि गश्त बढ़ा रहा है। बडकोट वन रेंज के समीपस्थ माजरी ग्रांट ग्राम पंचायत के लालतप्पड़ गांव में देर रात गुलदार आ धमका। जंगल से होकर हाईवे पार कर गुलदार आबादी में आ घुस गया। ग्रामीण अवतार सिंह के मवेशी पर हमलाकर उसको खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगा। मवेशी की चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण उठ गए और गुलदार को देखते हुए जोर-जोर से शोर करने लगे।
आवाज सुनकर गुलदार मवेशी को छोड़कर भाग गया। घायल मवेशी का उपचार कर गौशाला में रखा गया है। समाजसेवी अनिल पाल ने कहा कि पहले भी लालतप्पड़ में गुलदार देखा गया है। विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्राम प्रधान किरन पाल ने कहा कि गुलदार की आमद के बारे में वन विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। कहा कि वन विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा के इंतजाम करने को कहा जा रहा है। बड़कोट के डिप्टी रेंजर गणेश उनियाल ने बताया कि गुलदार की आमद को देखते हुए विभागीय रात्रि गश्त बढ़ाई जा रही है। ग्रामीणों से कहा है कि गुलदार दिखाई देने पर तत्काल विभागीय गश्ती दल को इसकी सूचना देे।