ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। स्वामीराम हिमालयन विश्वविद्यालय के हिमालयन अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग ने दो वर्षीय मासूम की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर जान बचाने में कामयाबी पाई है। हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि देहरादून निवासी दो साल को बुखार के कारण संक्रमण हो गया था। कई अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद आराम नहीं होने पर परिजन बच्चे को हिमालयन अस्पताल लेकर आए।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि दो वर्षीय बच्चे के गुर्दे की नी में सूजन के साथ मवाद भी भरा हुआ था। डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि गुर्दे में खराबी के कारण ही बच्चे का मूत्र संक्रमण की दिक्कत हमेशा बनी रहती थी। बच्चे के गुर्दे में सूजन और मवाद निकालने के लिए लेप्रोस्कोपी दूरबीन विधि में तीन छोटे छेद कर सर्जरी की जाती है। इस सर्जरी में मरीज को कम दर्द सहन करना पड़ता है। सर्जरी इसलिए जटिल हो गई क्योंकि बच्चे की आयु महज दो साल थी। सर्जरी के बाद अब बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है। सर्जरी टीम में डॉ. तन्वी, माधवी, डॉ. दिव्या, डॉ. शुभी और डॉ. राकेश शामिल थे।