ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
मुनिकीरेती पुलिस ने रविवार को तपोवन क्षेत्र में निर्माणाधीन 11 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अवैध निर्माण कार्यों को रुकवा दिया। साथ ही निर्माण में प्रयुक्त उपकरण व मशीनें जब्त कर लीं।
थानाध्यक्ष मुनिकीरेती आरके सकलानी में बताया कि हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के संयुक्त सचिव की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है। तपोवन क्षेत्र के कई स्थानों पर छह से आठ मंजिला इमारतें बिना अनुमति के बनाई गई हैं। इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार, चौकी प्रभारी तपोवन नीरज रावत आदि उपस्थित रहे।
इन निर्माणकर्ताओं पर हुई कार्रवाई
तपोवन क्षेत्र में मुनिकीरेती पुलिस की ओर से जिन 11 निर्माणकर्ताओं के अवैध निर्माण रुकवाए गए हैं। इनमें देवेंद्र भंडारी होटल पीपल ट्री तपोवन, वीरेंद्र चौहान होटल सारा तपोवन, राजेश अग्रवाल डेक्कन वैली के पीछे तपोवन, नवीन भट्ट डेक्कन वाली के पीछे तपोवन, अनूप डेक्कन वाली के पास तपोवन, सरिता भंडारी ओम विलास कॉटेज के पास, राकेश भट्ट निकट ओम विलास कॉटेज तपोवन, राजकुमार गुप्ता होटल संगम पैलेस तपोवन, प्रेम सिंह पुंडीर ओम बलेश कॉटेज के पास तपोवन, रविंद्र चौधरी निकट डेक्कन वाली तपोवन, विजय रावत डेक्कन गली के पास तपोवन शामिल हैं।
मुकदमा दायर करने की संस्तुति एचआरडीए को
थानाध्यक्ष मुनिकीरेती आरके सकलानी ने बताया कि लोक सेवक के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में धारा 188 आईपीसी के तहत न्यायालय में मुकदमा दायर करने की संस्तुति एचआरडीए को की गई है। लोक सेवक के आदेश न मानने पर एक माह के जेल का प्रावधान है। इसके अलावा बीते एक वर्ष में किए गए निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने हेतु प्राधिकरण को टीम भेजने के लिए लिखा गया है। कुछ होटल ऐसे हैं जिन्होंने पार्किंग नक्शे में दिखाई है, परंतु मौके पर पार्किंग नहीं है। बिना पार्किंग वाले होटलों के बाहर वाहन सड़कों पर अवैध रूप से खड़े रहते हैं। इस कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं पार्किंग के संबंध में ग्राम प्रधान तपोवन सुरेश उनियाल व ब्लॉक प्रमुख विनीता बिष्ट ने भी अवैध तरीके से गलियों में खड़े होने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।