ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
संयुक्त खोखा व्यापारी कल्याण एसोसिएशन व लघु व्यापारी कल्याण एसोसिएशन ने संयुक्त यात्रा बस अड्डे पर 221 खोखों के विस्थापन की मांग की है। इस बाबत एसोसिएशन ने शुक्रवार को संयुक्त यात्रा बस अड्डे पर आयोजित जनसभा में मेयर अनिता ममगाईं के समक्ष मांग रखी। मेयर ने खोखों को विस्थापित करने का भरोसा दिया है।
संयुक्त खोखा व्यापारी कल्याण एसोसिएशन व लघु व्यापारी कल्याण एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से खोखे डालकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। इनमें 141 खोखे बस टर्मिनल कंपाउंड में और 70 खोखे वन भूमि पर हैं। वर्तमान में वन विभाग ने यह भूमि संस्कृति विभाग सौंप दी है और इन खोखों को यहां से हटाने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में नगर पालिका प्रशासन ने लघु व्यापारियों को बस टर्मिनल में दुकानें बनाकर आवंटित करने का प्रस्ताव पारित किया था। मेयर अनिता ममगाईं ने सभी खोखा व्यापारियों को बेहतर विकल्प प्रदान करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर चरनजीत सिंह, रुकम पोखरियाल, हरि सिंह रांगड़, जीतू मुखर्जी, नंदकिशोर जाटव, जसवंत सिंह, राघव सिंह, हीरामणि रतूड़ी, पुरुषोतम जोशी, जयप्रकाश रतूड़ी, अनिल जाटव आदि मौजूद रहे।