ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। 15 सूत्री मांगों पर निगम प्रबंधन के उदासीन रवैये के चलते गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) कर्मचारी संघ के कर्मी आक्रोशित हैं। इस संबंध में बृहस्पतिवार को कर्मचारी संघ ने बैठक की और एक जुलाई से यात्रा कार्यालय ऋषिकेश में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का निर्णय लिया। बैठक में संघ के अध्यक्ष मनमोहन चौधरी ने कहा कि पूर्व में निगम प्रबंधन को 15 सूत्री मांगों को लेकर मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन निगम प्रबंधन ने कर्मचारी संघ के प्रति उदासीन रवैया अपनाया है। इस कारण से निगम के सभी कर्मियों में आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि यदि निगम प्रबंधन का कर्मियों के प्रति यही रवैया रहा तो कर्मचारी संघ आरपार की लड़ाई लड़ेगा। 15 दिन बीत जाने के बाद भी मां पत्र का हल नहीं निकल पाया है। इस संबंध में 28 जून को पर्यटक आवास गृह ऋषिलोक और 29 जून को गंगा रिजॉर्ट मुनिकीरेती में बैठक की जाएगी और कर्मचारी संघ जीएमवीएन के सदस्य एक जुलाई से यात्रा कार्यालय ऋषिकेश में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। बीएम जुयाल ने कहा कि सातवां वेतनमान लागूू नहीं किए जाने पर कर्मचारी संघ को तालाबंदी के लिए विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर रणवीर रावत, कमल सिंह, नरेंद्र सिंह, गौरव सिंह, सुंदर लाल, बीर सिंह, सुरेश चंद्र, संदीप मेवाड़, इंदु सिंह, रायचंद, एचसी बहुगुणा, डीएस पंवार, इंद्र सिंह, दुर्गादास, विनोद लाल, रमेश सिंह, पी बंदोलिया, अशोक प्रजापति, किशोरी लाल, ओमप्रकाश आदि उपस्थित थे।