ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संस्थान की प्रगति के साथ ही मरीजों को यहां दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर निर्मित किए गए करीब दो दर्जन मॉड्यूलर ओटी के निर्माण के बारे में बताया। कहा कि इससे ऑपरेशन में लंबी वेटिंग को कम किया जा सकेगा। इसके साथ ही संस्थान में रोबोटिक सर्जरी, कैंसर, नैफ्रोलॉजी और सर्जिकल गैस्ट्रो ओपीडी की स्थापन के बारे में जानकारी दी।
निदेशक ने बताया कि जल्द ही सर्जिकल स्किल लैब स्थापित की जा रही है। संस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन आरोग्य व आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी सभी तरह की उपचार सुविधाएं मरीजों को मुहैया कराई जा रही हैं। इसके साथ ही एम्स में प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया कैंपेन के तहत मरीजों को कैशलेस चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
संस्थान में पीजी लेवल पर चलाए जा रहे एमसीएच, डीएम आदि स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट कोर्स के बारे में भी उन्होंने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय रक्षा मंत्री को जानकारी दी। इससे पूर्व प्रो. रविकांत ने नड्डा और राजनाथ को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।