ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर। बीस बीघा के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए जा रहे सीसी मार्ग का विरोध कर कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण सामग्री चार इंची डाली जा रही है। साथ ही मार्ग निर्माण भी गहराई में कर दिया गया है। आरोप है कि निर्माण से पूर्व खोदी गई मिट्टी को बेच दिया गया जिससे सड़क मानकों के विपरीत गहराई में बनाई जा रही है। बीस बीघा गली नंबर-3 के ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर पूर्व में सड़क को खोद दिया गया था। खोदाई में निकला मलबा बेच कर मार्ग को डेढ़ फिट गहरा कर दिया गया है। खोदाई करते समय कहा गया था कि सड़क का लेबल पहले की तरह रहेगा, लेकिन अब डेढ़ फिट नीचे चार इंची मसाला (निर्माण सामग्री) डाल तैयार किया जा रहा है। इस कारण लोगों को घरों में घुसने में दिक्कत आ रही है।
पार्षद गुरविंदर सिंह ने कहा कि विभाग ने पहले कहा था कि जिन लोगों के घरों के आगे रैंप बने थे उन्हें बहाल किया जाएगा। अब रैंप भी नहीं बनाए जा रहे हैं। सड़क डेढ़ फिट गहरी होने से बरसात में जलभराव होगा। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क को पहले की तरह लेबल में बनाया जाए। रविवार को ग्रामीणों ने इस मार्ग निर्माण का कार्य बंद करा दिया है। चेतावनी दी कि यदि मार्ग मानकों के अनुरूप न बनाया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सुयश मिश्रा, गुड्डी देवी, मीना, अंजना वर्मा, कमलेश्वरी रावत, विनोद पांडे, रिपुदमन नेगी, संजू जुगलान, लाल सिंह, अश्वनी कुमार, राजू यादव, सत्यवीर सिंह आदि थे।