ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री व फिक्की लेडीज आर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक विकास में महिला कारोबारियों का विशिष्ट स्थान हैं। महिला कारोबारी ना सिर्फ खुद के लिए बल्कि दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए राज्य में निवेश के पहले से काफी अवसर मौजूद हैं।
कार्यक्रम में मौजूद महिला उद्यमियों की ओर से विधानसभा अध्यक्ष से प्रदेश में होने वाले पलायन, पर्यटन, सड़क संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विषयों का जवाब भी महिला उद्यमियों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान इस बात को लेकर हैं कि राज्य में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जाएं। देश भर में फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन से जुड़ी महिलाओं ने आज उद्यमिता व आर्थिक क्षेत्र में बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित ऋषिकेश में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से सभी महिला उद्यमियों के सहयोग की जरूरत है।
इस अवसर पर फिक्की फ्लो की चेयरपर्सन नाजिया ने कहा कि देशभर में फिक्की फ्लो ने महिलाओं के अधिकारों को सशक्त बनाने के लिए कड़े प्रयास किए हैं। उत्तराखंड चैप्टर के अंतर्गत प्रदेश की सभी महिलाओं को जागरूक किया जाएगा और उन्हें आर्थिक, सामाजिक व राजनितिक रूप से मजबूत भी किया जाएगा। इस अवसर पर वाइस चेयरपर्सन किरण भट्ट, सचिव कोमल, चारु चौहान, सोनाली सिन्हा, मीनाक्षी, अनुराधा माला, हरप्रीत, जसलीन, सोनिया आनंद, दीपा, नंदू भंडारी, ग्राम प्रधान हुकुम भंडारी मौजूद थे।