ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । नीलकंठ के व्यापारियों ने नीलकंठ क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा पानी के संकट पर चिंता जताई है। व्यापारियों ने पानी की आपूर्ति न होने पर विभागीय अधिकारियों को अनशन की चेतावनी दी है। रविवार को नीलकंठ में व्यापार सभा अध्यक्ष बृजेश चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर बृजेश चौहान ने बताया कि नीलकंठ क्षेत्र में लगातार पानी का संकट गहराता जा रहा है। पेयजल संकट को लेकर जल संस्थान के अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
नीलकंठ में हजारों तीर्थयात्री नीलकंठ महादेव के दर्शनों के लिए आते हैं, भीषण गर्मी के चलते तीर्थयात्रियों को बिना पानी के जूझना पड़ रहा है। पेयजल अधिकारी अपनी मनमानी पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन तक पेयजल की आपूर्ति नहीं की जाती है तो सभी व्यापारी बाजार बंद कर आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रविंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य धन सिंह राणा, अवनीश नौटियाल, पूर्ण सिंह पयाल, रणवीर पंवार, शिवचरण रावत, राजेश रावत, सुमित सिंह, सतपाल राणा, आशीष राणा, विक्रम भंडारी आदि मौजूद थे।