ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेेश। गुजरात के सूरत में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से हुई छात्रों की मौत के बाद अब तीर्थनगरी में अग्निशमन विभाग जाग गया है। विभाग ने अब ऐसे कोचिंग संस्थानों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है, जो बिना अग्नि सुरक्षा उपकरणों के संचालित हो रहे हैं। विभाग ने मंगलवार को ऐसे सात संस्थानों को नोटिस थमाया है, जिनके पास अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं थे। वहीं, विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से दिन भर तीर्थनगरी के कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मचा रहा। अग्नि शमन अधिकारी अर्जुन सिंह रांगड़ ने बताया कि बिना अग्नि सुरक्षा के संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों की सूची बनानी शुरू कर दी है।
मंगलवार को विभाग की ओर से रेलवे रोड स्थित असेन्डर्स कोचिंग सेंटर, तिलक मार्ग जौहर कांपलेक्स स्थित गुरुकुल आईएएस, विक्रमशिला, आईटी कंप्यूटर एजुकेशन, अंबेडकर चौक स्थित सदानी इंस्टीट्यूट, देहरादून रोड स्थित कोटा क्लासेस को नोटिस थमाया है। एफएसओ ने इन कोचिंग सेंटर को आग बुझाने के लिए कार्बन डाई आक्साइड से भरे सिलेंडर न रखने, फायर अलार्म न लगाने, प्रवेश मार्ग पर झूलते तारों तथा प्रवेश और निकासी मार्ग अलग-अलग न होने के लिए नोटिस दिया है।
इन्हें मिलेगा आज नोटिस
एफएसओ ने बताया कि बुधवार को आईडीपीएल स्थित ब्रिलेंट मेकर्स, हरिद्वार रोड भारद्वाज हॉस्पिटल के निकट डाटा कंप्यूटर्स, बैराज रोड स्थित स्टडी प्वाइंट, कांसेप्ट क्लासेस तिलक रोड, दि स्कालर्स हब रेलवे रोड, अमेरिकन इंस्टीट्यूट, एलन इंग्लिश कोचिंग सेटर को नोटिस थमाया जाएगा।
दो जून को लगेगी विशेष प्रयोगशाला
अग्निशमन अधिकारी अर्जुन सिंह रांगड़ ने बताया कि दो जून दिन रविवार को शैल विहार स्थित फायर स्टेशन पर कोचिंग संस्थानों के लिए विशेष प्रयोगशाला आयोजित की गई है। इसमें नगर के सभी कोचिंग संस्थानों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित उपकरणों की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान कोचिंग संचालकों को उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।