ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। वर्तमान समय की सबसे बड़ी ताकत है मानव एकता। मानव तन से ही परमात्मा के मार्ग पर चला जा सकता है। मंगलवार को पुराना रोडवेज बस अड्डे में आयोजित समागम में सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज ने मानवता का संदेश दिया। सोमेश्वर नगर स्थित नवनिर्मित निरंकारी सत्संग भवन का उद्घाटन करने के बाद सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज पुराना रोडवेज बस अड्डा पहुंचीं।
उन्होंने कहा कि जब तक प्रेम, दया, करुणा, नम्रता, सहनशीलता वाले गुण नही होंगे तब तक जीवन में भक्ति स्थापित नहीं हो सकती है। परमात्मा ने इतना अमूल्य जीवन हमको दिया है, हम इसे किसी की निंदा, नफरत और कमियां निकालने में व्यर्थ में न गवाएं। इस जीवन का मोल समझें। सत्संग में अनेकों संतों-भक्तों ने गीतों एवं प्रवचनों के द्वारा गढ़वाली, हिंदी, पंजाबी, नेपाली, कुमाऊंनी भाषा में अपने भाव व्यक्त किए।
समागम को सफल बनाने के लिए ऋषिकेश, रायवाला, भोगपुर, डोईवाला, तिमली, यमकेश्वर, हरिद्धार, लक्सर, कोटद्वार, साहरनपुर आदि क्षेत्रों से लगभग 1500 सेवादल सेवा में पहुंचा। दुर्गा चमोली, जोनल इंचार्ज मसूरी हरभजन सिंह, ब्रांच संयोजक हरीश बांगा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर अनिता ममगाईं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रोशन रतूड़ी, जयेंद्र रमोला, हिमांशु बिजल्वाण, आशाराम गैरोला, रविंद्र बड़ोनी, सीमा एंड पार्टी, एमपी उनियाल, मोनिका रावत, सिमरन कुड़ियाल, मोलूराम आर्या, आदि उपस्थित रहे।