मतदान करने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल मतदान केंद्र के अंदर बैठे पीठासीन अधिकारियों पर बिफर पड़े। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों पर मतदान में देरी करने तथा मतदाताओं के साथ आदर्श व्यवहार न करने का आरोप लगाया। विधानसभा अध्यक्ष का निवास गंगा विहार कॉलोनी के अंतर्गत आता है। यहां का मतदान केंद्र हरिद्वार रोड स्थित ज्योति स्पेशल स्कूल था। सुबह साढ़े 10 बजे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल धर्मपत्नी शशिप्रभा अग्रवाल और पुत्र पीयूष अग्रवाल के साथ मतदान स्थल पहुंचे।
यहां बूथ संख्या की व्यवस्था को देखकर उनका पारा चढ़ गया। मतदान के बाद बाहर आकर उन्होंने पीठासीन अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मतदान कराने के लिए बैठे अधिकारी अपने को सर्वेसर्वा समझ रहे हैं। वह मतदान के लिए लाइन पर खड़े थे, उनके आगे चार मतदाता थे, लेकिन उनकी बारी आने तक पूरे 35 मिनट लग गए। जब उन्होंने बताया कि वह विधानसभा अध्यक्ष है, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से अधिकारी बहुत सवाल जवाब कर रहे हैं, इससे मत प्रतिशत में निश्चित रूप से गिरावट आएगी।